उज्जैन के सिंहस्थ क्षेत्र में कथित अवैध निर्माणों के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे जूना अखाड़े से जुड़े हरियाणा सेवा आश्रम में महामंडलेश्वर ज्योति गिरि महाराज के चार मंजिला भवन को पोकलेन और जेसीबी मशीनों की मदद से ध्वस्त कर दिया गया।
नगर निगम की टीम कार्रवाई के लिए तड़के ही मौके पर पहुंच गई थी। भवन को गिराने के लिए चार पोकलेन मशीनों और एक जेसीबी को तैनात किया गया। भारी मशीनों की मदद से जी प्लस थ्री यानी चार मंजिला भवन को जमींदोज कर दिया गया।
दो बार नोटिस देने के बाद ध्वस्तीकरण
भवन अधिकारी राजकुमार राठौर के अनुसार, आश्रम परिसर में बने भवन को होटलनुमा स्वरूप दिया गया था। इस निर्माण को लेकर पहले दो बार नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद निर्माण नहीं हटाया गया, जिसके बाद नगर निगम ने नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।
हाईकोर्ट के निर्देश पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई
सिंहस्थ क्षेत्र की भूमि पर कथित अवैध निर्माण का मामला हाईकोर्ट तक पहुंचा था। याचिका पर सुनवाई के बाद न्यायालय ने नगर निगम को अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद निगम की टीम निर्माणों को चिह्नित कर लगातार कार्रवाई कर रही है।
नगर निगम इससे पहले भी दो अन्य आश्रमों के अवैध निर्माणों पर कार्रवाई कर चुका है। शुक्रवार को इसी अभियान के तहत ज्योति गिरि महाराज के आश्रम में बने भवन को भी ध्वस्त किया गया। सिंहस्थ क्षेत्र में अतिक्रमण और अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।

Leave a Comment