उज्जैन। भगवान कालभैरव के भक्तों के लिए एक बड़ा बदलाव किया गया है। उज्जैन स्थित प्रसिद्ध कालभैरव मंदिर में पहली बार सशुल्क शीघ्र दर्शन व्यवस्था शुरू कर दी गई है। नई व्यवस्था के तहत श्रद्धालु अब 500 रुपये का टिकट लेकर भगवान कालभैरव के गर्भगृह से दर्शन कर सकेंगे। बुधवार को इस व्यवस्था की शुरुआत हुई और पहले ही दिन भक्तों ने इसे काफी पसंद किया।
500 रुपये में गर्भगृह से मिल रहे दर्शन
मंदिर समिति की ओर से शुरू की गई इस नई व्यवस्था के तहत श्रद्धालुओं को 500 रुपये का शीघ्र दर्शन टिकट दिया जा रहा है। टिकट लेने वाले भक्तों को सीधे गर्भगृह से भगवान कालभैरव के दर्शन कराए जा रहे हैं।
श्रद्धालुओं का कहना है कि इस सुविधा की वजह से उन्हें मात्र 10 मिनट के भीतर आसानी से दर्शन मिल गए जबकि सामान्य दिनों में लंबा इंतजार करना पड़ता था।
प्रशासन ने क्यों लिया यह बड़ा फैसला
प्रशासन के अनुसार लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग अनाधिकृत तरीके से भक्तों से पैसे लेकर उन्हें जल्दी दर्शन करवा रहे थे।
इसी समस्या को खत्म करने और व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने आधिकारिक रूप से सशुल्क दर्शन व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया है।
सामान्य श्रद्धालुओं के लिए जारी रहेगी निशुल्क व्यवस्था
मंदिर प्रशासन ने साफ किया है कि सामान्य श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क दर्शन व्यवस्था पहले की तरह जारी रहेगी। भक्त कतार में लगकर बिना किसी शुल्क के भगवान कालभैरव के दर्शन कर सकेंगे।
नई व्यवस्था सिर्फ उन लोगों के लिए शुरू की गई है जो कम समय में गर्भगृह से दर्शन करना चाहते हैं।
महाकाल मंदिर से भी होने लगी तुलना
कालभैरव मंदिर में शुरू हुई इस नई सुविधा के बाद इसकी तुलना महाकाल मंदिर की शीघ्र दर्शन व्यवस्था से भी की जा रही है। महाकाल मंदिर में भक्त 250 रुपये के टिकट पर दर्शन करते हैं लेकिन वहां गर्भगृह से काफी दूरी पर दर्शन कराए जाते हैं।
कई श्रद्धालुओं का मानना है कि सीमित संख्या में महाकाल मंदिर के गर्भगृह में भी पहले की तरह विशेष दर्शन व्यवस्था शुरू की जानी चाहिए।
जल्द बनेगा स्थायी टिकट काउंटर
फिलहाल मंदिर परिसर में अस्थायी व्यवस्था के तहत टिकट दिए जा रहे हैं लेकिन मंदिर समिति की ओर से जल्द स्थायी टिकट काउंटर भी शुरू किया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं को और बेहतर सुविधा मिल सके।

Leave a Comment