अनुबंध की शर्तों में लिखी थी अभिनेता सलमान खान के विरोध की बात
सोनू मिश्रा ने एक इंटरव्यू के दौरान खुलासा किया कि शुरुआत में वे इस प्रोजेक्ट को लेकर बेहद उत्साहित थे क्योंकि उन्हें मुख्य किरदार निभाने का मौका मिल रहा था। दो दिनों की शूटिंग पूरी होने के बाद जब उन्होंने मेकर्स से फिल्म की पूरी स्क्रिप्ट और एग्रीमेंट के कागजात मांगे, तो वे हैरान रह गए। अनुबंध पत्र में स्पष्ट रूप से एक ऐसी शर्त जोड़ी गई थी जिसके अनुसार अभिनेता को मीडिया के सामने जाकर लगातार सुपरस्टार के खिलाफ बयानबाजी करनी थी। सोनू मिश्रा के मुताबिक, इस तरह की शर्तें उनके पेशेवर सिद्धांतों और नैतिकता के बिल्कुल खिलाफ थीं, जिसके कारण उन्होंने तुरंत काम रोकने का फैसला किया।
लीगल नोटिस फाड़ने की घटना पर सोनू का बड़ा बयान
फिल्म ‘काला हिरण’ के निर्माता अमित जानी द्वारा हाल ही में सार्वजनिक रूप से एक लीगल नोटिस को फाड़े जाने की घटना पर भी सोनू मिश्रा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने दावा किया कि मेकर्स को सीधे तौर पर कोई नया नोटिस नहीं मिला है, बल्कि पब्लिसिटी पाने और सोशल मीडिया पर अपनी फिल्म की चर्चा बढ़ाने के लिए यह सब एक सोची-समझी रणनीति के तहत किया जा रहा है। उनके अनुसार, यह नोटिस असल में अप्रैल के महीने में ही भेजा गया था, लेकिन जानबूझकर इसे जून में तूल दिया गया ताकि विवाद खड़ा करके पब्लिसिटी बटोरी जा सके। सोनू के अलावा दिग्गज अभिनेता गोविंद नामदेव ने भी इस फिल्म से खुद को दूर कर लिया है।

Leave a Comment