इंदौर में हर साल रंगपंचमी की पूर्व संध्या पर आयोजित होने वाला चर्चित बजरबट्टू सम्मेलन इस बार रद्द कर दिया गया है। कार्यक्रम में अक्सर भेष बदलकर शामिल होने वाले कैलाश विजयवर्गीय के निर्णय के बाद आयोजकों ने यह फैसला लिया। बताया जा रहा है कि कैलाश विजयवर्गीय ने मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए आयोजन से दूरी बनाने का निर्देश दिया।
इंदौर के मल्हारगंज थाना क्षेत्र में होने वाला यह आयोजन कई वर्षों से रंगपंचमी की परंपरा का हिस्सा रहा है। इस कार्यक्रम में कैलाश विजयवर्गीय अलग-अलग वेशभूषा में शामिल होकर लोगों का मनोरंजन करते रहे हैं।
कैलाश विजयवर्गीय के फैसले से बजरबट्टू सम्मेलन रद्द
बजरबट्टू सम्मेलन के आयोजक और भाजपा नेता अशोक चौहान ‘चांदू’ ने बताया कि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के निर्देश पर कार्यक्रम निरस्त किया गया है।
आयोजन की तैयारियां पिछले करीब 15 दिनों से चल रही थीं। जुलूस से लेकर कवि सम्मेलन तक की पूरी व्यवस्था लगभग पूरी हो चुकी थी।
हालांकि भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी पीने से कई लोगों की मौत के बाद राजनीतिक माहौल गर्म हो गया था। इसी को देखते हुए कैलाश विजयवर्गीय ने आयोजन में शामिल नहीं होने का फैसला किया।
यमराज के भेष की चर्चा बनी थी राजनीतिक मुद्दा
इस बार बजरबट्टू सम्मेलन को लेकर चर्चा थी कि कैलाश विजयवर्गीय यमराज के भेष में कार्यक्रम में पहुंच सकते हैं। इस संभावना को लेकर विपक्षी दल भी सक्रिय हो गए थे।
बताया जा रहा है कि कुछ राजनीतिक समूह इस मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन की तैयारी में थे। इन परिस्थितियों को देखते हुए विवाद से बचने के लिए कैलाश विजयवर्गीय ने कार्यक्रम रद्द करने का निर्णय लिया।
8 मार्च को निकलेगी रंगारंग गेर
हालांकि इंदौर में रंगपंचमी की पारंपरिक गेर यात्रा तय कार्यक्रम के अनुसार 8 मार्च को निकाली जाएगी। प्रशासन, नगर निगम और पुलिस विभाग इसकी तैयारियों में जुट गए हैं।
गेर के दिन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गेर मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति बंद रखी जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि रंग और पानी के कारण बिजली उपकरणों में खराबी न आए और लोगों की सुरक्षा बनी रहे, इसके लिए यह कदम उठाया जा रहा है।
गेर आयोजन के दौरान मैदान में करीब 14 इंजीनियरों और 60 कर्मचारियों की टीम भी तैनात रहेगी ताकि किसी भी तकनीकी समस्या का तुरंत समाधान किया जा सके।

Leave a Comment