फाल्गुन मास का आगमन होते ही वातावरण में रंग और भक्ति की सुगंध घुलने लगती है. होली का इंतजार हर किसी को रहता है. लेकिन होली से पहले आने वाले आठ दिन होलाष्टक के नाम से जाने जाते हैं. इस वर्ष 24 फरवरी से होलाष्टक की शुरुआत हो रही है और यह होलिका दहन तक प्रभावी रहेंगे. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इन आठ दिनों को अशुभ काल माना जाता है इसलिए शुभ और मांगलिक कार्यों को टालने की सलाह दी जाती है.
क्यों माना जाता है होलाष्टक को अशुभ समय
फाल्गुन शुक्ल अष्टमी से पूर्णिमा तक का समय ज्योतिष के अनुसार उग्र प्रभाव वाला माना गया है. मान्यता है कि इन दिनों ग्रहों की स्थिति रुद्र और उग्र अवस्था में रहती है. अष्टमी को चंद्रमा नवमी को सूर्य दशमी को शनि एकादशी को शुक्र द्वादशी को गुरु त्रयोदशी को बुध चतुर्दशी को मंगल और पूर्णिमा को राहु का प्रभाव तीव्र माना जाता है. ऐसी स्थिति में व्यक्ति की निर्णय क्षमता प्रभावित हो सकती है. इसी कारण विवाह गृह प्रवेश मुंडन नामकरण या नए कार्य की शुरुआत इस अवधि में नहीं की जाती.
होलाष्टक से जुड़ी पौराणिक कथा
होलाष्टक की पृष्ठभूमि में भक्त प्रह्लाद की कथा भी जुड़ी है. दैत्यराज हिरण्यकश्यप ने अपने पुत्र को भगवान विष्णु की भक्ति से रोकने के लिए कई यातनाएं दी थीं. कहा जाता है कि इन्हीं आठ दिनों में प्रह्लाद को कष्ट दिए गए. अंत में पूर्णिमा के दिन होलिका अग्नि में भस्म हो गई और भक्त की रक्षा हुई. यह घटना बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक बनी. इसी कारण इन आठ दिनों को अशांत और उग्र समय माना जाता है.
होलाष्टक में क्या करना शुभ माना गया है
इन दिनों में ईश्वर की भक्ति को सबसे अधिक महत्व दिया जाता है. भगवान विष्णु नारायण और श्रीकृष्ण की पूजा करना शुभ माना जाता है. भजन कीर्तन मंत्र जप और सत्संग करने से सकारात्मक ऊर्जा मिलती है. कई स्थानों पर फाल्गुन उत्सव का आयोजन होता है. मथुरा वृंदावन में भक्त रंग और भक्ति में डूबे नजर आते हैं. रोजाना भगवान को गुलाल अर्पित करना भी शुभ माना जाता है. जरूरतमंदों को अन्न वस्त्र या धन का दान करने से पुण्य फल की प्राप्ति होती है.
किन कार्यों से बचना चाहिए
होलाष्टक के दौरान विवाह सगाई गृह प्रवेश या नए व्यवसाय की शुरुआत से बचने की सलाह दी जाती है. भूमि मकान या वाहन खरीदना भी इस समय शुभ नहीं माना जाता. बड़े आर्थिक फैसले या नौकरी परिवर्तन जैसे निर्णय होलाष्टक के बाद लेना बेहतर माना गया है. ज्योतिषाचार्य इस अवधि में धैर्य और संयम रखने की सलाह देते हैं ताकि किसी भी प्रकार की बाधा से बचा जा सके.
होलाष्टक हमें यह संदेश देता है कि जीवन में हर समय उत्सव का नहीं होता बल्कि कुछ समय आत्मचिंतन और भक्ति के लिए भी जरूरी होते हैं. इन आठ दिनों में श्रद्धा और संयम के साथ ईश्वर का स्मरण करने से मन को शांति मिलती है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है.

Leave a Comment