तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और अभिनेता विजय ने अपने बेटे जेसन संजय के लिए समर्थन जताने का एक बेहद खास अंदाज अपनाया। सीएम विजय बेटे जेसन की डायरेक्टोरियल डेब्यू फिल्म ‘सिग्मा’ 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई, और इस खास मौके पर शुक्रवार को अपने रोड शो के दौरान एक्टर-पॉलिटिशियन विजय ने गर्व से अपने बेटे की तस्वीर उठाकर भीड़ को दिखाई।
रोड शो में हुआ भावुक पल
ऑनलाइन शेयर किए गए एक वीडियो में देखा जा सकता है कि एक पार्टी कार्यकर्ता विजय को उनके बेटे जेसन संजय की फ्रेम में लगी तस्वीर सौंपते हैं। विजय ने तस्वीर हाथ में लेते ही उसे सिर के ऊपर उठाकर भीड़ को दिखाया, जिससे यह पल इमोशनल हो गया। गौरतलब है कि इस दौरान विजय मधुरांधगम में अपने रोड शो में व्यस्त थे।
परिवार के बाकी सदस्य पहुंचे फिल्म की स्क्रीनिंग में
जहां विजय मधुरांधगम में थे, वहीं परिवार के बाकी सदस्य ‘सिग्मा’ के फर्स्ट-डे-फर्स्ट-शो के लिए चेन्नई के कमला सिनेमाज में इकट्ठा हुए। जेसन की मां संगीता सोर्नालिंगम भी थिएटर पहुंचीं और अंदर जाते समय फोटोग्राफरों के लिए मुस्कुराईं। जेसन की बहन दिव्या साशा ने भी काला ‘सिग्मा’ टी-शर्ट पहनकर अपना समर्थन जताया। इस स्क्रीनिंग में जेसन खुद भी अपने परिवार के साथ मौजूद रहे।
व्यस्त कार्यक्रम के चलते स्क्रीनिंग में नहीं पहुंच सके विजय
हालांकि विजय खुद इस स्क्रीनिंग में शामिल नहीं हो सके। उसी दिन सुबह मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के तहत तमिलनाडु में महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा कार्यक्रम का शुभारंभ किया था, जिसके बाद वह मधुरांधगम में अपने चुनावी अभियान के लिए रवाना हो गए।
जेसन ने पहले जताई थी पिता की प्रतिक्रिया को लेकर उम्मीद
इससे पहले जेसन संजय ने फिल्म देखने के बाद अपने पिता की संभावित प्रतिक्रिया को लेकर भी खुलकर बात की थी। पर्ल मैनी के साथ बातचीत में जेसन ने बताया था कि विजय तुरंत प्रतिक्रिया देने वाले व्यक्ति नहीं हैं और आमतौर पर अपनी बात साझा करने से पहले कुछ समय लेते हैं। जेसन के मुताबिक उनके पिता शांत स्वभाव के हैं और किसी भी सवाल का जवाब देने में भी थोड़ा समय लेते हैं। उन्होंने कहा था कि फिल्म को समझने और उसका विश्लेषण करने में ज्यादा समय लगता है, लेकिन उन्हें पूरा भरोसा है कि फिल्म पिता को पसंद आएगी और वे गर्व महसूस करेंगे।
फिल्म ‘सिग्मा’ की स्टारकास्ट और निर्माण
‘सिग्मा’ में सुंदीप किशन और फारिया अब्दुल्ला मुख्य भूमिका में हैं, जबकि सम्पत राज, राजू सुंदरम, शिव पंडित, अनबु थासन, योग जापी और मगलक्ष्मी सुदर्शनन सहायक भूमिकाओं में नजर आते हैं। फिल्म का निर्माण सुबास्करन ने लाइका प्रोडक्शंस के बैनर तले किया है। जेसन संजय के लिए यह फिल्म निर्देशक के तौर पर उनका पहला प्रयास है, और परिवार से मिले इस भावुक समर्थन ने फिल्म की रिलीज को और भी खास बना दिया है।

Leave a Comment