उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध महाकाल मंदिर में भस्म आरती दर्शन को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। अब श्रद्धालुओं को ऑफलाइन लाइन में लगने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि मंदिर समिति ने पूरी बुकिंग प्रक्रिया को ऑनलाइन कर दिया है।
अब यह सुविधा रेलवे के तत्काल टिकट की तरह होगी, जिसमें भक्त एक दिन पहले ही ऑनलाइन सीट बुक कर सकेंगे।
ऑफलाइन कोटा खत्म, अब सब कुछ ऑनलाइन
पहले महाकाल मंदिर में 300 सीटें ऑफलाइन काउंटर से मुफ्त मिलती थीं, लेकिन अब इस व्यवस्था को समाप्त कर दिया गया है। इन सीटों को भी अब ऑनलाइन कर दिया गया है और इसके लिए प्रति व्यक्ति 200 रुपये शुल्क देना होगा।
मंदिर में प्रतिदिन सुबह 4 से 6 बजे के बीच भस्म आरती होती है, जिसमें करीब 1700 श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया जाता है।
ऐसे करें ‘तत्काल’ बुकिंग
- बुकिंग एक दिन पहले सुबह 8 बजे शुरू होगी
- मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर बुकिंग करनी होगी
- नाम, पता और पहचान पत्र की जानकारी भरनी होगी
- ऑनलाइन 200 रुपये शुल्क जमा करना होगा
- बुकिंग कन्फर्म होने पर मैसेज प्राप्त होगा
पहले से भी मिल रही है एडवांस बुकिंग सुविधा
भस्म आरती की 400 सीटों की बुकिंग पहले से ही एक महीने पहले ऑनलाइन की जा सकती है। इसके लिए भी 200 रुपये शुल्क तय किया गया है।
अन्य आरती के लिए भी शुरू हुई ऑनलाइन बुकिंग
मंदिर में शाम 7 बजे होने वाली संध्या आरती और रात 10:30 बजे होने वाली शयन आरती के लिए भी ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर दी गई है। इन आरती के लिए प्रति व्यक्ति 250 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
महाकाल मंदिर की इस नई व्यवस्था से श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। अब उन्हें लंबी लाइनों में लगने की जरूरत नहीं होगी और घर बैठे आसानी से भस्म आरती दर्शन की बुकिंग कर सकेंगे।

Leave a Comment